Bihar News: 50 लाख महिलाओं को मिलेंगे ₹10,000 – जानें कब आएगा पैसा

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की पहली किस्त के रूप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक साथ बिहार की 50 लाख महिलाओं के बैंक खाते में 10-10 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले लागू हुई मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर बड़ा अपडेट आया है। राज्य की 50 लाख महिलाओं के खाते में एक साथ 10-10 हजार रुपये आने वाले हैं। इसकी तारीख भी घोषित हो गई है। सीएम नीतीश कुमार नवरात्र के पहले दिन इन महिलाओं के बैंक खाते में यह राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे। पहली किस्त के रूप में कुल 5000 करोड़ रुपये की राशि जारी की जाएगी। अन्य लाभार्थियों को बाद में योजना की राशि अलग-अलग चरणों में दी जाएगी।

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका से जुड़ी कुल एक करोड़ 11 लाख महिलाओं के आवेदन अब तक मिले हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 1.06 करोड़ और शहरी क्षेत्र की 5 लाख महिलाओं के आवेदन हैं। आवेदन की प्रक्रिया अभी जारी है। 22 सितंबर को मुख्यमंत्री पहली किस्त जारी करेंगे। इसके बाद अलग-अलग तिथियों को अन्य महिलाओं के खाते में राशि भेजी जाएगी। यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।

विभाग ने तय किया है कि आधार आधारित बैंक खातों में राशि जाएगी। एक करोड़ महिलाओं के आधार से बैंक खातों का मिलान कर लिया गया है। मालूम हो कि इस योजना के तहत लाभ लेने के लिए जीविका समूह से जुड़ना अनिवार्य है। इस समूह से पूर्व से जुड़ी महिलाओं के आवेदन पहले लिए गए हैं।

10000 रुपये पहली किस्त, बाद में 2 लाख तक संभावित मिलेंगे

10000 रुपये की पहली किस्त महिलाओं को अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए दी जा रही है। यह राशि अनुदान के रूप में है। फिर महिलाओं की तैयारी का आकलन करने के बाद उन्हें और 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।

गांव, प्रखंड और जिलों में होंगे आयोजन

22 सितंबर को गांव, प्रखंड और जिला स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इसे फेस्टिवल के रूप में मनाया जाएगा। राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसे सभी ग्रामीण महिलाएं देख-सुन सकेंगी। सभी जिला मुख्यालयों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम होंगे, जहां एक हजार महिलाएं भाग लेंगी।

वहीं, सभी 534 प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड विकास अधिकारी पदाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम होंगे, जहां 500 महिलाएं हिस्सा लेंगी। साथ ही जीविका के सभी 70 हजार ग्राम संगठन स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे, जहां 100 या उस से ज़्यादा महिलाएं भाग लेंगी। इसको लेकर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भी जारी किया है।

बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजना के तहत राज्य की करीब 50 लाख महिलाओं को ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।